साल 2022 खत्म होने की कगार पर है। ऐसे में हर कोई साल 2023 के स्वागत के तैयारी में लग गया है। लेकिन इस बीतते साल में मनोरंजन जगत में काफी कुछ ऐसा हुआ, जिसने विवाद खड़ा कर दिया था। कई फिल्में विवादों का हिस्सा बन गई थीं तो कुछ कलाकार अपनी हरकतों की वजह से लोगों के निशाने पर आ गए थे। ऐसे में आज हम आपको साल 2022 की उन बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिस पर मनोरंजन जगत में खूब हंगामा हुआ और इन मुद्दों के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए थे।
काली पोस्टर पर विवाद
डायरेक्टर लीना मणिमेकलई के निर्देशन में बनी डॉक्यूमेंट्री ‘काली’ पर इस साल देशभर में विवाद खड़ा हो गया था। डॉक्यूमेंट्री के पोस्टर पर ‘मां काली’ की ऐसी छवि दिखाई गई, जिससे निर्देशक पर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा।
द कश्मीर फाइल्स पर हंगामा
विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी ‘द कश्मीर फाइल्स’ इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनी। फिल्म में कश्मीरी पंडितों का दर्द दिखाया गया, जिस पर देशभर में बवाल हुआ था। लोग दो गुटों में बंट गए थे।
रणवीर सिंह का न्यूड फोटोशूट
इस साल रणवीर सिंह ने न्यूड फोटोशूट करवाया था, जो उन्हें काफी भारी पड़ गया। रणवीर की तस्वीरों ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। लेकिन कुछ लोगों को रणवीर का फोटोशूट पसंद नहीं आया, जिस वजह से सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक पर अभिनेता का विरोध हुआ।
वीर दास की कॉन्ट्रोवर्सी
इस लिस्ट में वीर दास का नाम भी शामिल है। वीर दास पर भारत का अपमान करने का आरोप लगा, जिसके बाद ही देशभर में उनके कई शोज को कैंसिल किया गया।
लाल सिंह चड्ढा का बायकॉट
आमिर खान 4 साल के लंबे गैप के बाद फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ के साथ सिनेमाघरों में आए थे। लेकिन उनकी इस फिल्म को बायकॉट का सामना करना पड़ा था। सोशल मीडिया पर जमकर इस फिल्म का विरोध हुआ। इस दौरान आमिर खान के पुराने विवादों को बीच में लाया गया था।
अजय देवगन-किच्चा सुदीप के बीच पंगा
साल 2022 में अजय देवगन और किच्चा सुदीप के बीच राष्ट्रभाषा को लेकर बहस हो गई थी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को ट्विटर के जरिए टारगेट किया था। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि बाकि सेलेब्स भी इस पर अपनी राय देने लगे थे।
सुष्मिता सेन और ललित मोदी का अफेयर
साल 2022 में सुष्मिता सेन और ललित मोदी के अफेयर की खबरों ने हर किसी को हैरान कर दिया था। ललित मोदी ने इंस्टाग्राम पर सुष्मिता संग अपने रिश्ता का ऐलान किया, जिसके बाद ही दोनों की सगाई की खबर भी आ गई थी। हालांकि, अब दोनों अलग हो चुके हैं।
साउथ बनाम बॉलीवुड
साउथ बनाम बॉलीवुड साल 2022 की सबसे बड़ी बहस बनी, जिसमें कई तरह के सवाल उठ गए थे। साउथ की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही थीं तो सोशल मीडिया पर भीसाउथ की फिल्मों को ही अच्छा बताया जा रहा था। इतना ही नहीं, कई बॉलीवुड स्टार्स भी साउथ की एक्शन बेस्ड फिल्मों की तारीफ करते दिखे थे।
महेश बाबू के बयान पर बवाल
महेश बाबू साउथ सिनेमा के सुपरस्टार हैं, लेकिन उनके एक बयान ने इस साल बवाल खड़ा कर दिया था। उन्होंने कहा था कि हिंदी सिनेमा उन्हें अफोर्ड नहीं कर सकता है। इस बयान पर महेश बाबू की जमकर आलोचना हुआ था।