कल शिवरात्रि है तो ऐसे में हम सभी भगवान शिव के मंदिर जाना, उनकी पूजा करना, उनका व्रत करना अनिवार्य समझते हैं पर क्या आप जानते हैं कि भगवान शिव भी हमें बहुत प्यार करते हैं। हमें वो अपने संकेतों द्वारा बार-बार बताते हैं कि हम उनके प्यारे बच्चे हैं तो आईए जानते हैं क्या है वे संकेत जो भगवान शिव के द्वारा हमें दिए जाते हैं और जिनसे हो सकता है हमारा भाग्योदय होता है
सपने में शिवलिंग देखना व पूजा करना
सपने में शिवलिंग देखना व पूजा करना एक बहुत अच्छा शगुन है। यह सपना अगर आप ब्रह्म मुहूर्त में देखते हैं तो इसके सफल होने की संभावना काफी अधिक होती है। यह सपना बताता है कि भगवान शिव आप पर प्रसन्न हैं और आपको मनोवांछित फल देने वाले हैं। आपकी वह इच्छा पूरी होने वाली है जिसके लिए आप काफी समय से प्रयासरत थे। इस सपने को यथार्थ मानना चाहिए। जो लोग भगवान शिव की पूजा समयाभाव के कारण नहीं कर पाते हैं उन्हें भगवान शिव की पूजा अवश्य करनी चाहिए। अगर आप रोज पूजा नहीं कर सकते हैं तो सोमवार के दिन अवश्य शिव मंदिर में जाकर दुग्धाभिपेक करना चाहिए। शिव लिंग के आगे घी का दिया भी जलाना चाहिए।
सपने में शिव पार्वती को देखना
सपने में शिव पार्वती को देखना एक अत्यंत सुखद संकेत है। यह बताता है कि आपका गृहस्थ जीवन सुखमय होने वाला है। अगर आपकी शादी अभी तक नहीं हुई है तो निकट भविष्य में आप को अपना जीवन साथी मिलने की पूरी संभावना है। अगर आप गृहस्थ हैं और पति-पत्नी में अनबन रहती है तो आप दोनों का आपस में सामंजस्य बहुत अच्छा होने वाला है। किसी कारण से ससुराल में कुछ झगड़ा रहता है तो आपके संबंध बहुत जल्दी ठीक होने वाले हैं। अगर आप पति पत्नी मे कोई अस्वस्थ है तो वह जल्दी स्वस्थ होने वाला है। आप सभी को भगवान शिव के साथ माॅ गौरी की भी पूजा शुरू कर देनी चाहिए। सोमवार के दिन भगवान शिव को दुग्धाभिपेक के साथ मां पार्वती को सुहाग पिटारी चढ़ानी चाहिए। सुहाग पिटारी में सिंदूर, बिंदी, चूड़ी और मेहंदी व महावर अवश्य होना चाहिए।
सपने में शिव मंदिर देखना
सपने में शिव मंदिर देखना एक बहुत मंगलकारी संकेत है। यह दर्शाता है कि भगवान शिव की आप पर कृपा है। आपकी हर इच्छा भोलेनाथ पूर्ण करेंगे। आपको भगवान शिव की सच्चे मन से आराधना करनी चाहिए। भगवान शिव का दुग्धाभिषेक करना चाहिए। दुग्धाभिपेक अगर संभव न हो तो भगवान शिव का जलाभिषेक तो अवश्य ही करना चाहिए। सपने में शिव मंदिर देखने का एक अर्थ यह भी है कि आपने किसी शिव मंदिर में जाने की कोई मान्यता मान ली हो और आप उस मन्नत को पूरा नही कर पाये हो। भगवान शिव आपको सपने में आकर सचेत करना चाह रहे हैं। अगर किसी मंदिर में जाने की मन्नत आप ने मानी है तो उसे अवश्य पूरा कर देना चाहिए। मन्नत के पूरे होते ही आपने जिस भी व्यक्ति के लिए मन्नत मानी होती है उसका शुभ होता है।
सपने में शिव परिवार देखना
सपने में शिव परिवार देखना एक बहुत ही शुभ संकेत है। सबसे पहले तो यह सपना कोई धर्मात्मा व्यक्ति ही देख पाएगा। जिस पर भगवान शिव की अनंत कृपा होगी। यह सपना एक विलक्षण सपना है।जिसने भी सपने को देखा होगा उसके पास किसी भी चीज का अभाव नहीं होगा। उसे धन, संपत्ति, यश, वैभव, परिवार स्वास्थ्य सभी कुछ भगवान शिव के आशीर्वाद से मिलेगा। इस सपने का अर्थ है कि आप के परिवार में हंसी खुशी का माहौल है। आपके परिवार में सभी सदस्यों में आदर, प्रेम व सम्मान है। सपने में शिव परिवार को अगर कोई सुहागन देखती है तो उसका अर्थ है कि उसके जल्दी ही संतान होने वाली है। सपने में शिव परिवार को अगर कुंवारी कन्या देखती है तो इसका अर्थ है उसे मनोवांछित वर मिलने वाला है। वह उसे जीवन में सारी खुशियां देगा।
सपने में महाकाल को देखना
सपने में महाकाल को देखना या भगवान शिव के रौद्र रूप को देखना अर्थात भगवान शिव ने भस्म से अपना श्रंगार किया हुआ है। सुनने में लगता है कि यह सपना डराने वाला है पर ऐसा नहीं है। भगवान शिव भोले भंडारी हैं वह हमसे नाराज हो सकते हैं पर क्रोधित नहीं हो सकते। भगवान शिव अगर सपने में हमें महाकाल रूप में दिखते हैं तो हमें सोचना है कि हम कहीं कुछ गलत तो नहीं कर रहे हैं और भगवान हमें सचेत करने आए हैं। भगवान सपने में आकर अगर हमें दर्शन दे रहे हैं तो इसका अर्थ यही है कि भगवान हमें अपना भक्त मानते हैं। हमसे कोई भूल हो गई है जिसे हमें सुधार लेना चाहिए। अगर हम अपनी भूल को सुधार लेंगे तो ईश्वर हमारे साथ हमेशा ही हैं। वे अपने भक्तों की हर इच्छा अवश्य पूरी करेंगे।